वाराणसी।महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं के सकुशल दर्शन, पूजन एवं जलाभिषेक को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं अपर पुलिस आयुक्त शिव हरि मीणा ने मार्कण्डेय महादेव मंदिर एवं घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण उपरांत लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में बैठक आयोजित कर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुचारु आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था, मंदिर परिसर एवं घाटों की साफ-सफाई को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने मंदिर के आसपास के क्षेत्र, मेला क्षेत्र एवं घाट का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मंदिर के मुख्य पुजारी से बातचीत कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मार्कण्डेय महादेव मंदिर के आसपास मल्टीपल साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए डीपीआरओ को सफाई कर्मियों एवं सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर व गेट के बाहर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती तथा मंदिर प्रबंधन समिति को अपने वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिगजैग बैरिकेडिंग, निर्माणाधीन एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश पीडब्ल्यूडी को दिए गए।
घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल टैंकर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने, भीड़ नियंत्रण हेतु होल्डिंग एरिया एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त घाट पर जल पुलिस चौकी स्थापित करने, गोताखोरों की तैनाती, कंट्रोल रूम की स्थापना तथा नाविकों को बिना लाइफ जैकेट के सवारी न कराने के सख्त निर्देश दिए गए। विद्युत सुरक्षा को लेकर विद्युत विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा मंदिर परिसर व घाटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने को कहा गया।
श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल की सुरक्षा के लिए क्लॉक रूम/लॉकर रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस आयुक्त ने मार्कण्डेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर एसडीएम नितिन सिंह, डीसीपी प्रमोद कुमार, डीपीआरओ, एएमए जिला पंचायत, तहसीलदार, संबंधित क्षेत्र के लेखपाल, सचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







