Search
Close this search box.

वाराणसी: राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी में वार्षिकोत्सव-2026 धूमधाम से सम्पन्न, छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से बांधा समां

वाराणसी। राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘वार्षिकोत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चौकी प्रभारी जक्खिनी आनंद कुमार पांडेय एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.(डॉ.) संतोष सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की विभागीय परिषद की संयोजिका प्रो.(डॉ.) कामना सिंह ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। उन्होंने छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

समारोह का संचालन डॉ. प्रभात कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आनंद सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें