वाराणसी: प्रभारी मंत्री वाराणसी एवं उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने गुरुवार (26 मार्च 2026) को तरना वार्ड स्थित मलिन बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री ने बस्ती तक जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया, जहां अधिकांश स्थानों पर इंटरलॉकिंग ठीक पाई गई, जबकि कुछ जगहों पर क्षतिग्रस्त हिस्सों को री-सेट कराने हेतु प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्यवाही करने को कहा। पीपल के पेड़ के पास धार्मिक कार्यों के लिए कच्चे स्थल को पक्का प्लेटफॉर्म बनाने के स्थानीय अनुरोध पर भी प्रस्ताव बनाकर निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।

पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए “हर घर नल योजना” के अंतर्गत बिना कनेक्शन वाले घरों का चिन्हांकन कर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा खराब हैंडपंपों की री-बोरिंग और प्लेटफॉर्म निर्माण कराने को कहा गया।
मंत्री ने डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क का भी निरीक्षण किया। पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए ट्री गार्ड, पौधारोपण, बेंच, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट, बाउंड्री वॉल निर्माण तथा प्रतिमा की सुरक्षा हेतु ट्रांसपेरेंट शीट लगाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त पार्क के पीछे स्थित मलिन बस्ती में केसी ड्रेन के साथ गली निर्माण, स्ट्रीट लाइट स्थापना, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए नई ट्रॉली उपलब्ध कराने तथा खुले नाले को स्लैब से ढकने की कार्रवाई करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान एक कच्चे मकान में रहने वाले परिवार को सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रक्रिया पूरी कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, पार्षद रोहित मिश्रा, पार्षद सविता यादव, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता आर. के. सिंह, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, जोनल अधिकारी वरुणापार जितेंद्र कुमार आनंद सहित नगर निगम के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









