वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत पंडित लोकपति तिवारी ने ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से केदार घाट स्थित विद्यामठ में शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान पूर्व महंत ने उन्हें रंगभरी एकादशी के अवसर पर होने वाले भगवान विश्वनाथ एवं मां गौरा की रजत चल प्रतिमा के पूजन कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने 27 फरवरी को गोदौलिया, बड़ादेव स्थित अपने आवास पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आमंत्रण भी प्रदान किया।
पंडित लोकपति तिवारी ने बताया कि रंगभरी एकादशी के पावन अवसर पर उनके आवास “महंत आवास” पर प्रातः 10:00 बजे से बारात प्रस्थान तक “शिवापर्णम” कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने काशी के समस्त श्रद्धालुओं एवं भक्तगण से आग्रह किया कि वे इस पारंपरिक बारात उत्सव में सम्मिलित होकर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।
रंगभरी एकादशी के अवसर पर काशी में विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास का वातावरण रहता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।









