Search
Close this search box.

वाराणसी कपसेठी पुलिस ने सरिया चोरी मामले में चार अभियुक्त गिरफ्तार, नकदी व बाइक बरामद

वाराणसी । थाना कपसेठी पुलिस ने चोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अर्जुनपुर बगीचे के पास से मुकदमा संख्या 0028/2026 से संबंधित चारों अभियुक्तों को दबोच लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की 13 अदद कामधेनु मार्का लोहे की सरिया और उनकी बिक्री से प्राप्त ₹20,020 नकद बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से एक मोटरसाइकिल (यूपी 65 बीजे 2340) को भी पुलिस ने जब्त करते हुए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 16 फरवरी 2026 को हुई थी, जब वादी ने थाना कपसेठी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 11 फरवरी 2026 की रात अर्जुनपुर क्षेत्र से उनकी खड़ी पिकअप वाहन (यूपी 65 ईटी 3563), जिस पर करीब 2430 किलोग्राम लोहे की सरिया लदी थी, अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई।

हालांकि अगले दिन यह वाहन गोहिलाव नहर के पास से बरामद हो गया था।इस घटना के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) और 317(5) की भी बढ़ोत्तरी की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रमोद उर्फ शक्कल पटेल, शमसेर पटेल, खेत्तन पटेल और किसन पटेल शामिल हैं। सभी आरोपी वाराणसी जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।

Leave a Comment

और पढ़ें