लोहता में संत रविदास जयंती धूमधाम से मनाई गई
वाराणसी : लोहता में रविवार को संत रविदास जयंती पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। इस मौके पर कोटवां और महमूदपुर गांव के लोगों ने जुलूस निकालने की तैयारी की थी। हर साल की तरह इस बार भी लोग हाथी पर संत रविदास का चित्र रखकर जुलूस निकालना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने भीड़ और सुरक्षा का हवाला देकर हाथी को जंसा के पास ही रोक दिया।

इस बात को लेकर लोग शाम करीब साढ़े चार बजे तक अपनी मांग पर अड़े रहे। पहले जुलूस दोपहर 12 बजे निकल जाया करता था, लेकिन इस बार देर हो गई। पुलिस प्रशासन के समझाने के बाद महमूदपुर के लोगों ने हाथी की जगह रथ पर संत रविदास की प्रतिमा रखकर जुलूस निकाला।
जुलूस डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए सिर गोवर्धन मंदिर की ओर गया। इस जुलूस में सुरही, तुलाचक, बखरियां, कोटवां, हरपालपुर, विशुनपुर, छितौनी, कोरौता और अनंतपुर गांवों के लोग शामिल हुए।
महमूदपुर के जुलूस को लोहता त्रिमुहानी पर रोककर आरती की गई। इस दौरान संतोष चौधरी, सुनील मिश्रा, अशोक मिश्रा, विनोद रस्तोगी, गगन प्रकाश यादव, इम्तियाज प्रधान सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा, लोहता थाना प्रभारी राज बहादुर मौर्य, कस्बा इंचार्ज ऋतुराज मिश्रा, अकेलवा चौकी इंचार्ज अमित कुमार यादव, कोटवां चौकी इंचार्ज मोहम्मद परवेज और अन्य पुलिसकर्मी जुलूस के साथ तैनात रहे।

वाराणसी से रिपोर्ट अशोक कुमार गुप्ता








