वाराणसी, 6 फरवरी 2026
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल लगातार रेल संपत्ति की सुरक्षा, अवैध सामानों की पकड़, यात्रियों की सुरक्षा और मानव तस्करी रोकने के लिए काम कर रहा है।
इसी क्रम में ऑपरेशन अमानत के तहत 5 फरवरी 2026 को एक यात्री का छूटा हुआ बैग सुरक्षित वापस किया गया। वाराणसी मंडल कंट्रोल से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 15008 के कोच S-1, बर्थ नंबर 2 पर यात्री अमित कुमार राय का हरे रंग का बैग छूट गया है।
सूचना मिलने पर सलेमपुर में ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल प्रवीण कुमार मिश्रा ने बैग को सुरक्षित बरामद कर रेलवे सुरक्षा बल भटनी पोस्ट पर जमा कर दिया।
बाद में यात्री अमित कुमार राय, जो कुशीनगर जिले के निवासी हैं, भटनी रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर पहुंचे। उन्होंने अपना आधार कार्ड और यात्रा टिकट की छायाप्रति दिखाकर बताया कि वे 4 जनवरी 2026 को लखनऊ से गौरी बाजार तक यात्रा कर रहे थे। ट्रेन से उतरते समय उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया था, जिसकी सूचना उन्होंने रेल मदद नंबर 139 पर दी थी।
सत्यापन के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने यात्री को उनका बैग सौंप दिया। बैग में मौजूद सामान की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
अपना सामान सुरक्षित वापस पाकर यात्री ने रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल का दिल से धन्यवाद किया और उनके कार्य की सराहना की।






