Search
Close this search box.

वाराणसी: खसरा-रूबेला उन्मूलन हेतु विशेष एमआर टीकाकरण अभियान 16 से, 3.60 लाख बच्चों को लगेगा टीका

वाराणसी। जनपद में खसरा-रूबेला (एमआर) उन्मूलन के लिए 16 से 27 फरवरी 2026 तक विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में मीडिया संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कनौजिया ने बताया कि खसरा एक अत्यंत संक्रामक वायरल रोग है, जो तेज बुखार, त्वचा पर दाने, निमोनिया, डायरिया एवं कुपोषण जैसी जटिलताओं के साथ गंभीर स्थिति में मृत्यु का कारण भी बन सकता है। वहीं रूबेला संक्रमण गर्भवती महिलाओं में होने पर भ्रूण में जन्मजात विकृतियां उत्पन्न कर सकता है। उन्होंने कहा कि एमआर टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी एवं गुणवत्ता परीक्षण से प्रमाणित है तथा यह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण के अंतर्गत 9 से 12 माह तथा 16 से 24 माह तक के बच्चों को एमआर टीका लगाया जाता है। विशेष अभियान के तहत कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के सरकारी, गैर-सरकारी एवं मदरसों सहित सभी विद्यालयों के बच्चों को अतिरिक्त खुराक दी जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।

जनपद में कुल 2871 विद्यालय हैं, जिनमें 1145 सरकारी विद्यालय (1,13,047 छात्र), 108 मदरसे (20,560 छात्र) तथा 1618 निजी विद्यालय (1,82,393 छात्र) शामिल हैं। विद्यालय आधारित सत्रों के माध्यम से अधिकतम कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा तथा आवश्यकता अनुसार छूटे हुए बच्चों को भी कवर किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों से अपील की गई कि वे अभियान से संबंधित सही एवं सकारात्मक जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि खसरा एवं रूबेला उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन एवं जनप्रतिनिधियों से भी बच्चों का टीकाकरण कराकर अभियान को सफल बनाने की अपील की गई।

इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी, यूनिसेफ से प्रदीप विश्वकर्मा, JSI के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शाहिद, मणिशंकर, गुरदीप कौर सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें