Search
Close this search box.

बरेका में अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव उत्पादन को लेकर वेंडर मीट, गुणवत्ता व समयबद्ध आपूर्ति पर जोर

वाराणसी। स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 07 अप्रैल 2026 को अमृत भारत पुश-पुल (WAP-7) लोकोमोटिव की कम्प्लीट शेल असेम्बली से जुड़े वेंडर्स के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह वेंडर मीट बरेका प्रशासन भवन के कीर्ति कक्ष में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य उत्पादन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करना रहा।

बैठक के दौरान शेल सप्लाई, विभिन्न आइटम्स के फिटमेंट, निरीक्षण प्रक्रिया, सेवा गुणवत्ता और तकनीकी मानकों जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने स्पष्ट रूप से कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में निर्धारित 170 अमृत भारत लोकोमोटिव के उत्पादन लक्ष्य को प्राप्त करना एक बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रति माह लगभग 15 लोकोमोटिव का निर्माण अनिवार्य होगा, जो तभी संभव है जब कम्प्लीट शेल असेम्बली समय पर उपलब्ध हो।

उन्होंने वेंडर्स को निर्देशित किया कि वे गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करें और तकनीकी दक्षता को और मजबूत बनाएं। उन्होंने यह भी जोर दिया कि उत्पादन की गति और गुणवत्ता दोनों को संतुलित रखना बेहद आवश्यक है, ताकि रेलवे की आवश्यकताओं को समय पर पूरा किया जा सके।

इस अवसर पर बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत लोको) श्री अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य सामग्री प्रबंधक (लोको) श्री अमित वर्मा, मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) श्री भारद्वाज चौधरी, मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) श्री अरविन्द कुमार जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं वेंडर्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें