Search
Close this search box.

चंदौली में तेज रफ्तार डंपर का कहर: बुजुर्ग की मौत पर भड़के ग्रामीण, चकिया–मुगलसराय मार्ग जाम

चंदौली: चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिठवल कला गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 70 वर्षीय नरेंद्र कुमार झा (निवासी भटौली) की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चकिया क्षेत्र से मिट्टी लादकर मुगलसराय की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे साइकिल से जा रहे बुजुर्ग को साइड मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने चकिया–मुगलसराय मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन में भारी और ओवरलोड वाहनों के संचालन के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों ने मांग की कि डंपरों का संचालन केवल रात के समय ही किया जाए ताकि दिन में होने वाले हादसों पर रोक लग सके।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। चकिया विधायक और बीजेपी जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मौर्य सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम को समाप्त कराया गया।

हालांकि, कुछ ग्रामीण जिला अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस पूरे मामले को नियंत्रित करने में जुटी रही और क्षेत्र में देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें