बलिया के टाउन हॉल स्थित बापू भवन में प्रजापति विकास समिति द्वारा संतराम बीए की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के उत्थान, एकजुटता और राजनीतिक अधिकारों को लेकर मुखर विचार व्यक्त किए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी रमेश सिंह ने कहा कि प्रजापति समाज शिल्पकार समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन सदियों से पिछड़ेपन का सामना करता रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने की पहल नहीं कर पाए, जिसके कारण अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। उन्होंने समाज से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित भारतीय शिल्पकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामगोविंद ने कहा कि प्रजापति समाज के समर्थन से पूर्व में बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी की सरकारें बनीं, लेकिन समाज को अपेक्षित राजनीतिक प्रतिनिधित्व और अधिकार नहीं मिले। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर अपने राजनीतिक अधिकार सुनिश्चित करने का संकल्प लेने की अपील की।
वाराणसी से आए डॉ. सुरेश प्रजापति ने कहा कि अब समाज अपनी ताकत को पहचान रहा है और भविष्य में किसी भी प्रकार की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बनरही में निर्माणाधीन छात्रावास के लिए सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समाज को हर संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष दया शंकर प्रजापति ने की, जबकि संचालन महाबीर प्रजापति ने किया। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








