Search
Close this search box.

बलिया में व्यापार बंधु बैठक: डीएम के सख्त तेवर, जनसुविधाओं पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं

बलिया। जनपद बलिया में बुधवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने की। बैठक में शहर की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान महिला अस्पताल परिषद एवं चमन सिंह बाग रोड पर सुलभ शौचालय की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को हो रही असुविधा को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, नगर पालिका को निर्देश दिया कि शौचालय निर्माण का कार्य इसी सप्ताह पूर्ण कराया जाए।

अरविंद गांधी ने केवड़ा बाजार में सड़क पर बाजार लगने से दिनभर जाम की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बाजार को बलेउर मंडी में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम बांसडीह एवं बीडीओ बांसडीह को व्यापारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वार्ड नंबर 10 में जगन्नाथ चौधरी की मूर्ति के पास बांस के सहारे विद्युत लाइन चलाए जाने का गंभीर मामला भी सामने आया, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड को तत्काल स्थायी खंभा और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में मंजय सिंह ने पारिखरा कुंज विहार कॉलोनी में भी बांस-बल्ली के सहारे विद्युत लाइन संचालित होने की शिकायत की। मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत से स्पष्टीकरण तलब किया और तत्काल स्थायी व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं समस्त व्यापार बंधु उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: संजय सिंह बलिया (उत्तर प्रदेश)

Leave a Comment

और पढ़ें