मिर्जापुर। मिर्जापुर के थाना कोतवाली कटरा क्षेत्र के सद्भावना नगर में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि 11 अप्रैल की सुबह सद्भावना नगर में राजीव उर्फ रिंकू सिंह (40), निवासी देवरी विरोही, थाना विंध्याचल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना कोतवाली कटरा में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में पुलिस द्वारा राबर्ट्सगंज तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पीएसी गेट के आगे पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान राजेन्द्र सोनकर पुत्र स्वर्गीय शोभा सोनकर, निवासी देवरी विरोही, थाना विंध्याचल, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी इस मामले में वांछित था और उसके खिलाफ पहले से कुल छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस पुलिस ने बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच जारी है।








