गाजीपुर । जनपद के कासिमाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार (21 मार्च 2026) को पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कौशल गौड़ (21) नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित था और उसके खिलाफ पहले से ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक राजनरायन अपनी टीम के साथ नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी टोडार मोड़, मऊ-कासिमाबाद मार्ग पर मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने खुद को घिरा पाकर गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। मौके से उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस घटना के संबंध में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्टर उमेश यादव गाजीपुर।






