Search
Close this search box.

मानपुर पाइप विवाद में महिला की मौत, पुलिस अलर्ट, एक आरोपी गिरफ्तार, गांव में तनाव, सुरक्षा बढ़ी

गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में सड़क के अंदर पाइप डालने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस ने मामले में सख्ती बढ़ा दी है। मृतका के घर पर एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मानपुर गांव में सड़क के अंदर पाइप डालने के विवाद को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से तनाव चल रहा था।

इसी विवाद को सुलझाने के लिए स्थानीय लेखपाल और कानूनगो मौके पर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान ही दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।इस मारपीट में राम अवतार यादव, उनकी पत्नी बागेश्वरी देवी (65) और पुत्र दिवाकर यादव (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर जंगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से गाजीपुर मेडिकल कॉलेज भेजा। इलाज के दौरान बागेश्वरी देवी की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।महिला की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है।

मृतका की बेटी रेनू ने पुलिस को तहरीर देकर 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।इसी मामले में सोमवार की देर शाम जंगीपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम यादव पुत्र रमाधार यादव निवासी मानपुर को बघोल चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें