गाजीपुर– रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली गांव स्थित सलेमपुर डेरा नट बस्ती में टेंट लगाने के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मुहम्मद जान (18) पुत्र कलीम के रूप में हुई है। घर में छोटे भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं और टेंट लगाने का काम जारी था। इसी दौरान टेंट का लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार से छू गया, जिससे मुहम्मद जान तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।मुहम्मद जान तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और पढ़ाई के साथ मजदूरी करने वाले पिता का हाथ बंटाते थे। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर उतरौली-नगसर मार्ग को करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि नीचे लटक रहे बिजली के तार की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन बिजली विभाग ने ध्यान नहीं दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।









