मिर्जामुराद। स्थानीय थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। शीतला धाम से दर्शन-पूजन कर लौट रहे झारखंड के लोहरदगा जिले के मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में रिंकू (लगभग 20 वर्ष) की मौके पर मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक लोग घायल हो गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कुल 24 लोग सवार थे, जो तीन दिन पहले अर्जुनपुर स्थित ईंट-भट्टे पर काम करने आए थे।जानकारी के अनुसार, मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार के कारण ट्रॉली पलट गई।
मृतक रिंकू परिवार में सबसे बड़ा था और उसके पीछे दो वर्षीय बच्ची भी है। घायलों में जयराम, वीरेंद्र, प्रियांशु, मंजू, मंगल, प्रदीप और संदीप शामिल हैं, जबकि आठ अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, कुछ को वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत मदद की। मिर्जामुराद पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। रोजी-रोटी के लिए दूर से आए मजदूरों के साथ यह दुर्घटना कई परिवारों के लिए भारी सदमे का कारण बन गई है।







