मीरजापुर। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के साथ-साथ अपराध की रोकथाम और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अहरौरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर पुलिस ने गो-तस्करी के मामले में वांछित चल रहे ₹20-20 हजार के इनामी दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 13 दिसंबर 2025 को थाना अहरौरा पुलिस टीम ने जंगल के रास्ते वध हेतु ले जाए जा रहे 21 गोवंशों को बरामद करते हुए एक गो-तस्कर संदीप उर्फ मुन्ना राय को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। हालांकि, उस समय दो अन्य गो-तस्कर मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना अहरौरा पर मु0अ0सं0-287/2025 धारा 109 बीएनएस, 3/25 आयुध अधिनियम, 3/5ए/8 गोवध अधिनियम एवं 11 पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
फरार शातिर गो-तस्करों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹20-20 हजार के इनाम की घोषणा की गई थी। इसी क्रम में दिनांक 16 दिसंबर 2025 को थाना अहरौरा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए भक्शी नदी मोड़ के पास से दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
- मुनेश्वर विश्वकर्मा पुत्र फेका विश्वकर्मा, निवासी भोजपुर पड़ाव, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली (हाल पता—स्माइलपुर, थाना चैनपुर, जनपद भभुआ, बिहार)
- सचाऊ बिंद पुत्र बौडम, निवासी सरिया, थाना अहरौरा, जनपद मीरजापुर (हाल पता—मेड़रिया, थाना अहरौरा, जनपद मीरजापुर)
थाना अहरौरा पुलिस ने गिरफ्तार दोनों इनामी अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गो-तस्करी एवं संगठित अपराध में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट: अनुप कुमार









