गाजीपुर: जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक समीक्षा बैठक आज सकलेनाबाद स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील राम और शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, वार्डों में सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री पं. कमलापति त्रिपाठी की 120वीं जयंती मनाई गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि पं. त्रिपाठी किसानों, व्यापारियों और आम जनमानस के सच्चे हितैषी थे। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने उन्हें धर्मनिरपेक्षता और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक बताया।
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने पं. त्रिपाठी की ऐतिहासिक उपलब्धियों—रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई, विद्युत और चिकित्सा क्षेत्र में योगदान—का स्मरण किया। वरिष्ठ नेता अजय सिंह और अरविंद मिश्रा ने कहा कि उनके प्रयासों से गाज़ीपुर और चंदौली क्षेत्र को “धान का कटोरा” कहा जाने लगा।
बैठक में संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सबका कर्तव्य है। शहर अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर बूथ पर तैयार हैं।
बैठक में पीसीसी सदस्य ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना, अजय श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, राजीव कुमार सिंह, महबूब निशा, कुंदन खरवार, शशांक उपाध्याय, विनोद चौधरी, इंजीनियर मुकेश कुमार, शशिकांत राय सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









