पटना: बिहार में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों के घुसपैठ की खबर सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने गुरुवार (28 अगस्त, 2025) को प्रदेशभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जानकारी के अनुसार ये तीनों आतंकी नेपाल के रास्ते बिहार में दाखिल हुए हैं।
आतंकियों की पहचान और ठिकाना
जिन आतंकियों के बिहार में घुसने की सूचना है, उनकी पहचान इस प्रकार बताई गई है:
- हसनैन अली – रावलपिंडी निवासी
- आदिल हुसैन – उमरकोट निवासी
- मो. उस्मान – बहावलपुर निवासी
तीनों पाकिस्तान मूल के हैं और प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं।
नेपाल से एंट्री, काठमांडू में रुके थे
खुफिया इनपुट के अनुसार, यह आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू पहुंचे थे। वहीं से पिछले सप्ताह ये बिहार में दाखिल हुए। आशंका जताई जा रही है कि ये आतंकी देश के किसी हिस्से में बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
पुलिस की कार्रवाई
बिहार पुलिस मुख्यालय ने तीनों आतंकियों की तस्वीरें जारी कर दी हैं और इनके पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई है। साथ ही सभी जिलों के खुफिया तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
चुनावी माहौल में अलर्ट
यह अलर्ट उस समय जारी हुआ है जब प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। एसआईआर का मुद्दा गरमा रहा है और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी जैसे बड़े नेता बिहार दौरे पर हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां और भी सतर्क हो गई हैं।








