वाराणसी। राजातालाब क्षेत्र के आराजी लाइन विकासखंड अंतर्गत खेवली चकरा गांव में अखिल भारतीय किसान सभा का 90वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन मास्टर सागर प्रसाद सिंह के आवास पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान सभा से जुड़े लोग शामिल हुए।

इस अवसर पर वरिष्ठ किसान नेता लालमणि वर्मा ने कहा कि किसानों की दुर्दशा को देखते हुए स्वामी सहजानंद सरस्वती के नेतृत्व में वर्ष 1936 में दिल्ली में किसान सभा की स्थापना हुई थी। उन्होंने बताया कि इस आंदोलन में राजा हरि सिंह, जवाहरलाल नेहरू और संपूर्णानंद जैसे नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए किसान सभा वाराणसी के संयुक्त मंत्री शिव शंकर शास्त्री ने कहा कि किसान सभा 1936 से अब तक किसानों के हक की लड़ाई लड़ती आ रही है। उन्होंने सरकार से डीजल, पेट्रोल, बीज, खाद और कीटनाशक दवाओं को किसानों के लिए मुफ्त करने, नीलगायों से फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने, बनारस में जबरन भूमि अधिग्रहण बंद करने और मजदूरों के हित में लाए गए चार कोड बिल को वापस लेने की मांग उठाई।
स्थापना दिवस समारोह में छेदी लाल मास्टर, रमाशंकर दाढ़ी, कमला प्रसाद, बेचन लाल, गौरी शंकर, श्याम नारायण, केशव, श्यामा प्रसाद और भोलई सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









