सिद्धार्थनगर: एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां प्रेम में अंधी एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। जहर देकर बेहोश किया, फिर पुल से नदी में फेंक दिया और तीन दिन तक प्रेमी संग घूमती रही। पति की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, लेकिन जब 12 साल के बेटे ने पुलिस को सच बताया, तो पूरी कहानी उजागर हो गई।
18 साल पुरानी लव मैरिज, लेकिन अंत बेहद खौफनाक
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के रेहकट नजरगढ़वा गांव निवासी कन्नन कश्यप (48) और संगीता (35) की लव मैरिज को 18 साल हो चुके थे। दोनों का 12 वर्षीय बेटा भी है। लेकिन दो साल पहले एक ट्रेन यात्रा के दौरान संगीता की बलरामपुर निवासी अनिल शुक्ला उर्फ विवेक (27) से मुलाकात हुई और यही मुलाकात घातक प्रेम कहानी में तब्दील हो गई।
जहरीला प्रसाद और फिर पुल से धक्का
2 जून को संगीता, कन्नन और अनिल एक साथ श्रावस्ती के विभूतिनाथ मंदिर गए। लौटते समय संगीता ने कन्नन को प्रसाद में ज़हर मिलाकर खिलाया। बेहोश होने के बाद बलरामपुर के कोड़ारी पुल (25 फीट ऊंचा) से उसे नीचे राप्ती नदी में फेंक दिया गया। इसके बाद प्रेमी युगल गोंडा, बलरामपुर जैसे इलाकों में घूमते रहे।
झूठी गुमशुदगी और बेटे का सच
5 जून को संगीता घर लौटी और पति की गुमशुदगी का नाटक किया। लेकिन जब 12 वर्षीय बेटे रवि कश्यप ने पुलिस के सामने कहा –“मम्मी पापा को साथ ले गई थीं… अनिल अंकल भी साथ थे… मम्मी लौटीं लेकिन पापा नहीं… मम्मी ने पापा को मार दिया।” तो पुलिस भी हैरान रह गई। संगीता से सख्ती से पूछताछ की गई और उसने जुर्म कबूल कर लिया।
भाई की शंका और कंकाल की बरामदगी
मृतक के भाई बाबूलाल कश्यप को शुरू से संगीता पर शक था। उसने 9 जून को दूसरी बार रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद संगीता की निशानदेही पर पुलिस ने राप्ती नदी से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर कंकाल बरामद किया।
पुलिस की कार्रवाई
CO सुजीत राय ने पुष्टि की कि यह पूर्व नियोजित हत्या थी। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अनिल और संगीता के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे, जिसे कन्नन ने भांप लिया था।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।