वाराणसी: चुनाव में वोट चोरी के आरोप को लेकर विपक्षी दलों के सांसदों ने सोमवार को संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव समेत कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन भेज दिया।
इसी घटनाक्रम के विरोध में वाराणसी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में दस्तावेज लेकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
सपा नेता जिशान अंसारी ने मीडिया से बातचीत में कहा “पूरा देश जान चुका है कि चुनाव आयोग चोर निकला है। वह वोटों में धांधली करके कुछ राजनीतिक दलों को फायदा पहुंचा रहा है। जिस तरह चुनाव आयोग ने राहुल गांधी से हलफनामा मांगा, क्या वह खुद यह हलफनामा देगा कि चुनाव में कोई फर्जीवाड़ा नहीं हुआ? जब समाजवादी पार्टी ने 18,000 हलफनामे दिए थे, तब आयोग कहां था और उसने क्या कार्रवाई की?”
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाकर विभिन्न दलों की सरकारों को फायदा पहुंचा रहा है और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर कर रहा है। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने वोट चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।









