Search
Close this search box.

बलिया में जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, बनेंगे चार्जिंग स्टेशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

बलिया: जिले की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई सौगात मिली है। सोमवार को रोडवेज डिपो के जीराबस्ती स्थित वर्कशॉप परिसर में आयोजित समारोह में परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने छह नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों का संचालन बलिया जिले के विभिन्न रूटों पर किया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रदेश में एक हजार इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं। जल्द ही बलिया जिले में भी इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। इसके लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी और निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी।

दयाशंकर सिंह ने यह भी कहा कि निगम डबल डेकर बसें भी खरीद रहा है, जिनमें से बलिया के लिए भी कुछ बसें आएंगी। बसों में जीपीएस और पैनिक बटन की सुविधा होगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

मंत्री ने बताया कि परिवहन निगम आने वाले समय में पूरे देश में शीर्ष स्थान पर होगा। वर्तमान में महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश सरकारी बसों के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है। निगम जल्द ही 25 हजार बसों के बेड़े से सुसज्जित होगा।

उन्होंने कहा कि 2016 से 2025 तक मृतक आश्रितों को नौकरी देने की प्रक्रिया के तहत 1165 लोगों को नियुक्ति दी गई है। साथ ही 9500 नई बसें खरीदी जा रही हैं। बलिया में हर गांव तक बस सेवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा, बैरिया में अंतरराज्यीय बस अड्डे के लिए 20 बीघा भूमि चिन्हित की गई है, जहां शीघ्र कार्य शुरू होगा। उजियार और रसड़ा में भी भव्य बस अड्डों का निर्माण कराया जाएगा। बलिया डिपो वर्कशॉप के सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

इस मौके पर पूर्व विधायक भगवान पाठक, भाजपा नगर अध्यक्ष सोनी तिवारी, दुबहड़ अध्यक्ष रिंकू दुबे, हनुमानगंज अध्यक्ष विश्वजीत तिवारी, अनिल पांडेय, पूर्व प्रमुख गुड्डू राय, हर्ष सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेयी, सेवा प्रबंधक आज़मगढ़ क्षेत्र एसके सेठ, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (बलिया) प्रेमचंद राम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ब्यूरोचीफ – अवधेश यादव

Ujala Sanchar
Author: Ujala Sanchar

उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें