Search
Close this search box.

गाजीपुर: दुल्लहपुर थाना में “महिला सुरक्षा केंद्र” का शुभारंभ, महिलाओं को मिला हौसला

गाजीपुर: महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर प्रदेश सरकार की मुहिम के तहत सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति के पांचवें चरण का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी थानों पर किया गया।

दुल्लहपुर थाने में भी इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासन के आदेशानुसार अब महिला हेल्प डेस्क का नाम बदलकर “महिला सुरक्षा केंद्र” कर दिया गया है। इसका उद्घाटन थाना प्रभारी कमलेश कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और आत्मनिर्भरता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उठाए जा रहे ये कदम महिलाओं को समाज में आत्मविश्वास और निर्भीकता के साथ अपनी भूमिका निभाने में सक्षम बनाएंगे।

कार्यक्रम में सौहार्द एवं बंधुत्व मंच, मनरेगा मजदूर संघ और यूनिटी फाउंडेशन से जुड़ी महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। महिलाओं ने कहा कि थाने पर आकर उन्हें नई जानकारी, जागरूकता और आत्मबल मिला है, जिससे वे अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने में और भी तत्पर होंगी।

महिला सुरक्षा केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने, कानूनी मदद उपलब्ध कराने और परामर्श देने जैसी सुविधाएँ प्रभावी ढंग से मिल सकेंगी।

स्थानीय महिलाओं की उपस्थिति और उत्साह ने यह संदेश दिया कि शासन की यह पहल न केवल कागज़ पर बल्कि वास्तविक जीवन में भी महिलाओं को सुरक्षा, शक्ति और आत्मविश्वास प्रदान करने में कारगर साबित हो रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें