गाजीपुर: दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी मिठाई और खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए गाजीपुर प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में कई स्थानों पर छापेमारी कर ₹62,200 मूल्य की मिठाइयों को जब्त कर नष्ट कर दिया।
अभियान के तहत यूसुफपुर खोया मंडी (मुहम्मदाबाद) स्थित जनार्दन यादव के प्रतिष्ठान से खोया का एक नमूना लिया गया। वहीं, राहुल कुमार गौरव कुमार मिष्ठान भंडार, यूसुफपुर मुहम्मदाबाद से छेना मिठाई का एक नमूना संग्रह किया गया। जांच के दौरान वहां से 70 किलोग्राम छेना मिठाई (अनुमानित मूल्य ₹15,400) को सीज कर नष्ट किया गया।
इसके अलावा, रौजा ओवरब्रिज के पास एक पिकअप वाहन से ले जाए जा रहे 120 किलोग्राम खोया (₹28,800) और 150 किलोग्राम सोनपापड़ी (₹18,000) को भी जब्त कर विनष्ट करने की कार्रवाई की गई।
कुल मिलाकर विभाग ने 02 नमूने संग्रहित किए और कुल ₹62,200 मूल्य के खाद्य पदार्थों का विनशटीकरण किया। सभी नमूने खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजे जा चुके हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद डॉ. हर्षिता तिवारी और सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 रमेश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में की गई। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र, तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण गुलाबचंद गुप्त, पंकज कुमार कन्नौजिया, अरविंद प्रजापति, धनंजय सिंह, विरेंद्र यादव और बिपिन कुमार गिरि शामिल रहे।
ब्यूरोचीफ- संजय यादव