Search
Close this search box.

Varanasi: सरकार का तोहफा, टीबी मरीजों को मिलेगा 1000 रुपये मासिक पोषण भत्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

Varanasi: टीबी (तपेदिक) रोगियों के लिए सरकार ने पोषण सहायता राशि में बड़ी वृद्धि की है। निक्षय पोषण योजना (एनपीवाई) के तहत अब तक 500 रुपये मासिक भत्ता प्रदान किया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। इस वृद्धि का लाभ सभी नए और पुराने टीबी रोगियों को मिलेगा, और यह 1 नवंबर 2024 से लागू होगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत अप्रैल 2018 से टीबी रोगियों को 500 रुपये प्रति माह पोषण भत्ता प्रदान किया जा रहा है। अब इस योजना के तहत रोगियों को 1,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। यह राशि 3,000 रुपये की दो बराबर किस्तों में दी जाएगी।

पहली किस्त 3,000 रुपये की होगी, जो निदान के समय अग्रिम रूप में दी जाएगी, जबकि दूसरी किस्त उपचार के 84 दिन पूरे होने के बाद मिलेगी। जिन रोगियों का उपचार 6 महीने से अधिक चलेगा, उन्हें 1,000 रुपये प्रति माह की दर से पोषण सहायता दी जाएगी।

जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि कुपोषण और टीबी के बीच गहरा संबंध है। कुपोषण टीबी का खतरा बढ़ाता है, जबकि टीबी के कारण शरीर की स्थिति और कमजोर हो जाती है। पोषण की कमी से टीबी रोगियों की सेहत तेजी से बिगड़ती है, इसलिए बेहतर पोषण से उपचार के परिणाम अधिक प्रभावी होते हैं और मृत्यु-दर में कमी आती है।

उन्होंने यह भी बताया कि वाराणसी जिले में वर्तमान में 7,524 टीबी मरीजों का इलाज चल रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में यह अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। जिले में 2,568 निक्षय मित्र पंजीकृत हैं, जो मरीजों को सहायता प्रदान कर रहे हैं। अब तक 12,800 पोषण पोटलियों का वितरण किया जा चुका है, और 2023 में 46 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें