गाजीपुर। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित जिला अस्पताल और महिला चिकित्सालय में आयुष्मान गोल्डन कार्ड धारकों का निशुल्क इलाज शुरू हो गया है। इसके साथ ही जनपद के 16 निजी अस्पताल भी इस योजना से संबद्ध हैं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
वर्तमान में गाजीपुर जनपद में कुल 35 चिकित्सालय (19 सरकारी और 16 निजी) आयुष्मान भारत योजना से जुड़ चुके हैं। योजना के अंतर्गत अब तक 223148 परिवारों के 852919 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ गाजीपुर जनपद स्टेट रैंकिंग में 14वें स्थान पर है। वहीं, 70 वर्ष से अधिक आयु वाले 36315 वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान “वय वंदना” योजना के तहत कार्ड जारी किए गए हैं, जिससे जनपद को राज्य में 11वां स्थान प्राप्त हुआ है।
अब तक इस योजना के तहत 79658 मरीजों ने आयुष्मान कार्ड से इलाज करवाया है। इनमें हृदय रोग, कैंसर, हड्डी रोग, नेत्र रोग तथा प्रसव से संबंधित मामलों के लाभार्थी प्रमुख हैं।
शासन द्वारा योजना की पात्रता हेतु निम्न मानक निर्धारित किए गए हैं—
- 2011 की सामाजिक-आर्थिक जनगणना सूची में नाम शामिल होना।
- राशन कार्ड में 6 या अधिक सदस्यों का नाम।
- अंत्योदय कार्डधारक परिवार।
- 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पंजीकृत श्रमिक।
अब घर बैठे आयुष्मान कार्ड बनाना हुआ और भी आसान। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति गूगल प्ले स्टोर से “आयुष्मान ऐप” डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप में मांगी गई जानकारी भरकर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर कार्ड प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा सीएमओ कार्यालय या किसी पंजीकृत अस्पताल में भी कार्ड बनवाया जा सकता है।
ब्यूरोचीफ – संजय यादव









