बलिया: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र की मौत की झूठी खबर प्रसारित करने वाले एक राष्ट्रीय टीवी चैनल के खिलाफ बलिया में कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। चैनल की इस अनवेरिफाइड और भ्रामक रिपोर्टिंग से आहत होकर एडवोकेट वरूण पाण्डेय ने जिला एवं सत्र न्यायालय में याचिका दायर की है। गुरुवार को कोर्ट में याचिका दाखिल करने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में मामले की जानकारी दी।
एडवोकेट वरूण पाण्डेय ने बताया कि चैनल ने बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के धर्मेन्द्र की मृत्यु की खबर चला दी, जिससे पूरे देश में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। कई प्रतिष्ठित लोगों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि तक दे डाली, लेकिन बाद में जब अभिनेता के जीवित होने की पुष्टि हुई तो सभी ने अपनी पोस्ट हटा दीं।
वरूण पाण्डेय ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब संबंधित चैनल ने इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना पत्रकारिता की है। इससे पहले भी सेना और देश की बेटियों से जुड़े संवेदनशील मामलों में अनवेरिफाइड खबरें प्रसारित की गई थीं। उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें न सिर्फ परिवार और प्रशंसकों को आघात पहुंचाती हैं, बल्कि देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को भी नुकसान पहुँचाती हैं।
एडवोकेट पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने सीजेएम न्यायालय में धारा 173(04) के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। याचिका में ऐसे गैर-जिम्मेदाराना चैनलों के खिलाफ लाइसेंस निरस्त करने और कड़ी विधिक कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगे और मीडिया की विश्वसनीयता बनी रहे।
ब्यूरो चीफ – अवधेश यादव









