बलिया। नगर पालिका कर्मचारियों का वेतन सहित 12 सूत्री मांगों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने नपा कार्यालय पर तालाबंदी करते हुए ईओ के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। तालाबंदी के चलते नगर पालिका का पूरा कामकाज ठप हो गया और जरूरी कार्यों के लिए आने वाले लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।
सफाई व्यवस्था चरमराई
कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। तीन दिनों से कूड़ा उठान न होने के कारण सड़कों, गलियों और चौराहों पर कूड़ा जमा हो गया है, जिससे बदबू फैलने लगी है। सिविल लाइन, बिशुनीपुर, जापलिनगंज, गुलाबदेवी स्कूल, बाबा बालेश्वर मंदिर मार्ग, मालगोदाम रोड, मिड्ढी, जगदीशपुर सहित कई इलाकों में लोग परेशान हैं।
वेतन और पेंशन रुका, कर्मचारी नाराज
नगर पालिका कर्मचारी नेता भारत भूषण मिश्र ने बताया कि कर्मचारियों का वेतन और पेंशन दो महीने से रुका हुआ है, लेकिन ईओ इसकी व्यवस्था करने में कोई ठोस पहल नहीं कर रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
20 नवंबर को बड़ा प्रदर्शन
कर्मचारियों ने घोषणा की कि 20 नवंबर को टाउन हॉल से जुलूस निकालकर पालिका कार्यालय तक प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में सफाई कर्मी भी शामिल होंगे।
मौके पर मौजूद
शंभू नाथ रावत, राघव मिश्रा, श्याम जी, निजामुद्दीन, राजेश राम, किशुन रावत, संतोष पांडेय, शंभू यादव, अखिलेश रावत सहित कई कर्मचारी धरने में शामिल रहे।
रिपोर्ट – मुकेश श्रीवास्तव









