सोनभद्र: अघोर गुरुपीठ ब्रह्म निष्ठालय बनोरा, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के अधिष्ठाता परम पूज्य औघड़ संत बाबा प्रियदर्शी राम जी के निर्देशन में रेणुकुट स्थित क्रिया कुटी आश्रम में परमपूज्य महाप्रभु अघोरेश्वर भगवान राम जी का महानिर्वाण दिवस श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री गुरु चरण पादुका पूजन, सामूहिक आरती, सफल योनि पाठ एवं गुरु गीता पाठ से हुई। महिला मंडल टीम द्वारा भक्तिमय भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त हो गया।

पाठ-पूजन के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया तथा बड़ी संख्या में उपस्थित गरीब व आदिवासी परिवारों को भरपेट भोजन कराया गया। इसके बाद आश्रम की ओर से लगभग 100 जरूरतमंद लोगों को कम्बल, साड़ी, तेल, साबुन, पेस्ट सहित आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान की गई। पुरुषों को कम्बल एवं धोती भी वितरित किए गए।
इसी क्रम में मालोघाट स्थित प्रेरणा परमार्थ आश्रम में भी बाबा के निर्देशन में कम्बल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आश्रम समय-समय पर दहेज रहित विवाह, कन्या सिलाई प्रशिक्षण, मेडिकल कैंप, गरीब बच्चों की शिक्षा-चिकित्सा जैसी सेवाएं लगातार संचालित करता रहता है। माता-पिता की लिखित अनुमति से गरीब बच्चों को अध्ययन, इलाज एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
अघोरेश्वर भगवान राम जी का कथन — “सेवा ही साधना है, पूजा है; मानव मात्र की भलाई ही कर्तव्य है” — आश्रम की कार्यप्रणाली का आधार बना हुआ है। क्रिया कुटी प्रबंधन मंडल ने पहले से ही गाँव-गाँव जाकर पात्र लाभार्थियों को चिन्हित किया और उन्हें कार्ड देकर आमंत्रित किया, जिससे वितरण कार्य में कोई अव्यवस्था न हो। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने दर्शन, पूजन व सेवा का लाभ लिया।










