मिर्जापुर। जिला कलेक्ट्रेट मिर्जापुर स्थित डीएम कार्यालय के सामने एक पीड़ित परिवार धरने पर बैठ गया। परिवार का आरोप है कि संतनगर थाना क्षेत्र के राहकला समसदिया गांव में यादव परिवार की दबंगई के कारण वे पिछले छह महीनों से अपने घर नहीं जा पा रहे हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार, दबंगों द्वारा उनके घर में लूटपाट की गई। जब उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने कथित तौर पर उल्टा उन्हें ही जेल भेज दिया। इसके बाद से पति-पत्नी अपने चार बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर हैं। हालात इतने खराब हैं कि बच्चों की पढ़ाई भी बंद हो चुकी है।
परिवार का यह भी आरोप है कि जब वे थाने में सुरक्षा की मांग करने जाते हैं तो एक दरोगा ईश्वरचंद यादव द्वारा कथित तौर पर धमकी दी जाती है कि सुरक्षा पुलिस नहीं दी जाएगी और दोबारा थाने आए तो “तमंचा लगा कर जेल भेज देंगे।”
धरने पर बैठे परिवार ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच, सुरक्षा मुहैया कराने और दबंगों व कथित रूप से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले ने प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतज़ार है।









