Search
Close this search box.

हरदोई: संडीला में ई-रिक्शा चालकों की समस्या पर भाकियू धरतीपुत्र ने सौंपा ज्ञापन

हरदोई। संडीला नगर में ई-रिक्शा चालकों के समक्ष उत्पन्न रोज़ी-रोटी के संकट को लेकर भारतीय किसान यूनियन धरतीपुत्र के बैनर तले उपजिलाधिकारी संडीला को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रफीक लम्बू के नेतृत्व में दिया गया।

ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि नगर प्रशासन द्वारा वर्तमान में केवल लगभग 40 ई-रिक्शा चालकों को ही संचालन की अनुमति दी गई है, जबकि शेष लगभग 120 ई-रिक्शा चालक बिना किसी स्पष्ट कारण के अनुमति से वंचित हैं। न तो उन्हें ई-रिक्शा संचालन की अनुमति मिल पा रही है और न ही कोई निर्धारित रूट दिया गया है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

प्रदेश अध्यक्ष रफीक लम्बू ने कहा कि सभी ई-रिक्शा चालक गरीब एवं श्रमिक वर्ग से आते हैं और उनकी आजीविका पूरी तरह ई-रिक्शा संचालन पर निर्भर है। अनुमति न मिलने के कारण उनके परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।

भारतीय किसान यूनियन धरतीपुत्र ने मांग की है कि शेष 120 ई-रिक्शा चालकों को शीघ्र संचालन की अनुमति दी जाए तथा इमलियाबाग से बस अड्डा तक का रूट निर्धारित किया जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी संडीला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन दिन के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

Leave a Comment

और पढ़ें