Search
Close this search box.

बलिया में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह, 227 जोड़ों ने लिए सात फेरे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

बलिया में शनिवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा करके कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस मौके पर कुल 227 जोड़ों की शादी कराई गई। इनमें से 225 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की, जबकि 2 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। सभी जोड़ों का पहले बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि बेटी का कन्यादान सबसे बड़ा दान माना जाता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शुरू कर गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मान के साथ शादी करने का अवसर दिया है। पहले इस योजना में ₹50 हजार की सहायता मिलती थी, जिसे अब बढ़ाकर ₹1 लाख कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि अब ये बेटियां सिर्फ अपने माता-पिता की नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी बेटियां हैं। उन्होंने वर पक्ष से अपील की कि वे बेटियों को लक्ष्मी मानकर सम्मान दें। साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं से गरीब परिवारों को शौचालय, बिजली, राशन और घर जैसी सुविधाएं मिल रही हैं और प्रदेश की कानून व्यवस्था भी पहले से बेहतर हुई है।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत हर जोड़े को कुल ₹1 लाख की सहायता दी जा रही है। इसमें से ₹60 हजार सीधे वधू के खाते में भेजे जाएंगे। इसके अलावा ₹25 हजार की कीमत की शादी का सामान दिया जा रहा है।

शादी के उपहार में साड़ियां, कपड़े, चांदी की पायल और बिछिया, बर्तन, कुकर, ट्रॉली बैग, पंखा, घड़ी, कंबल, गद्दे, तकिए, चूड़ियां समेत कुल 24 तरह की सामग्री दी गई। इसके साथ ही लड्डू के पैकेट, ड्राई फ्रूट्स की टोकरी और शादी की याद के लिए फोटो एल्बम भी दिया गया।

कार्यक्रम स्थल पर नाश्ता और भोजन की पूरी व्यवस्था थी। वहीं शादी का पंजीकरण कराने के लिए अलग काउंटर लगाए गए थे। पहली बार वधुओं के लिए ब्यूटी पार्लर और सेल्फी प्वाइंट की भी व्यवस्था की गई।

इस समारोह में जिले के 9 विकास खंडों से 227 जोड़े शामिल हुए। कार्यक्रम में कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को सम्मान के साथ विदाई दी गई।

Leave a Comment

और पढ़ें