नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, दिया ट्रेंचलेस विधि से पाइप डालने का निर्देश
जलनिकासी पर जोर, चांदपुर से लहरतारा तक की स्टॉर्म वाटर लाइन की होगी सफाई
वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों का सघन निरीक्षण कर बुनियादी समस्याओं के निस्तारण की रूपरेखा तैयार की। मोढ़ला और चांदपुर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने सिंधुरिया कॉलोनी में वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

सिंधुरिया नगर कॉलोनी के जलभराव व जलनिकासी की समस्या बनी हुई है । इसे देखते हुए नगर आयुक्त ने जलनिगम (ग्रामीण) को निर्देशित किया गया है कि सड़क के दूसरी ओर ट्रेंचलेस विधि (बिना सड़क खोदे) से पाइप डाली जाए। इसके साथ ही सर्विस रोड पर 610 मीटर लंबी सर्विस लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में होने वाले जलजमाव का स्थायी समाधान निकालना है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
नगर आयुक्त ने मोढ़ला क्षेत्र स्टॉर्म वाटर लाइन का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टॉर्म वाटर लाइन के साथ-साथ सभी चैंबरों की तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा नाले पड़े मलबे (डिब्रीज) को हटाने के लिए भी निर्देशित किया।
चांदपुर से लहरतारा तक की स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई में तेजी लाने को कहा गया है ताकि आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व जल निकासी व्यवस्था सुचारू हो सके।
मड़ौली से केराकतपुर तक बनेगा नया ड्रेनेज प्रोजेक्ट नगर आयुक्त ने सीएंडडीएस के नाले के नए प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की। वर्तमान में इस बड़े नाले का डीपीआर तैयार किया जा रहा है, जो मड़ौली और चांदपुर होते हुए सीधे केराकतपुर तक जाएगा।
इस ड्रेनेज सिस्टम के बनने से शहर के एक बड़े हिस्से की निकासी समस्या दूर हो जाएगी। निरीक्षण के दौरान जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, अधिशासी अभियंता आशीष सिंह, केके सिंह, कमल सिंह और सीएंडडीएस के योगेश गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।









