Search
Close this search box.

हरदोई: संडीला सीएचसी में वृहद मानसिक स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन, 83 मरीजों का हुआ उपचार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female]

हरदोई: राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, हरदोई के अंतर्गत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सण्डीला, हरदोई में वृहद मानसिक स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प का शुभारम्भ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सण्डीला के अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार सिंह ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के संपूर्ण जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मानसिक समस्याओं से बचाव, उनके लक्षण और समय पर उपचार के तरीकों के बारे में जानकारी दी। कैम्प के दौरान कुल 83 मानसिक रोगियों का परीक्षण कर उन्हें उपचार व परामर्श प्रदान किया गया।

कैम्प में डॉ. आरिफ खान, मनोरोग विशेषज्ञ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहन्दर ने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न लक्षणों और उनके समाधान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं जिले से आई मानसिक स्वास्थ्य विभाग की टीम के एम. एंड डी. ऑफिसर विकास गुप्ता ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए भारत सरकार द्वारा संचालित टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह हेल्पलाइन 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध है, जिसका लाभ बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी ले सकते हैं। विशेष रूप से परीक्षा के समय बच्चों में होने वाली घबराहट और बेचैनी के लिए यह नंबर बेहद उपयोगी है।

इसके अलावा कम्युनिटी नर्स संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जिला पुरुष चिकित्सालय हरदोई में मानसिक ओपीडी संचालित की जाती है, जहां प्रतिदिन लगभग 200 मरीजों का उपचार किया जाता है। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सण्डीला के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- ओमजीत यादव

Leave a Comment

और पढ़ें