बलिया। पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और अपराधियों को प्रभावी सजा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन बलिया के सभागार कक्ष में अभियोजन अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री कृपा शंकर ने की। यह बैठक पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई।
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत टॉप-10 माफिया से संबंधित अपराधियों को अधिक से अधिक सजा दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। एएसपी कृपा शंकर ने जनपद के सभी पैरोकारों, कोर्ट मुहर्रिर, मॉनिटरिंग सेल और सम्मन सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, सीएम डैशबोर्ड तथा अन्य जघन्य अपराधों में प्रभावी पैरवी और तामिला सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियोजन की सफलता दर बढ़ाई जा सके।
उन्होंने कहा कि मामलों की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध समन/वारंट तामिला और सशक्त पैरवी के माध्यम से ही अपराधियों को सख्त सजा दिलाई जा सकती है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में एसपीओ श्री पी.एन. स्वामी, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार त्रिपाठी, एपीओ बीरपाल सिंह, डीजीसी संजीव कुमार सिंह, एडीजीसी नरेश कुमार यादव, एडीजीसी विजय शंकर पाण्डेय, एडी. डीजीसी विष्णुदत्त पाण्डेय, एडीजीसी विमल कुमार राय, एडीजीसी अजय कुमार तिवारी, एडीजीसी देवनारायण, एडीजीसी संदीप कुमार तिवारी, एडीजीसी अशोक कुमार ओझा सहित पुलिस विभाग से प्रभारी डीसीआरबी निरीक्षक अशोक कुमार, रीडर उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, प्रभारी सम्मन सेल तहसीलदार सिंह तथा जनपद के समस्त थानों के पैरोकार और कोर्ट मुहर्रिर उपस्थित रहे।
संजय सिंह | प्रेस रिपोर्टर, बलिया









