वाराणसी। चंदौली /डीडीयू नगर हाल ही में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में नए प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ से मंत्रिमंडल की पहली बैठक में प्रस्तुत किए गए ‘सेवा संकल्प’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर सेवा संकल्प प्रस्ताव कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना और अधिकारियों द्वारा सामूहिक रूप से सेवा संकल्प का वाचन कर की गई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में अधिकारियों ने रेलवे की कार्यप्रणाली और सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने विचार साझा किए। चर्चा में कार्यसंस्कृति को मजबूत करने, कार्यप्रणाली को सरल और समयबद्ध बनाने, नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

साथ ही कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सहयोगी वातावरण तैयार करने तथा शिक्षा और प्रशिक्षण को भविष्य की तैयारी का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने अपने संबोधन में कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं बल्कि देश को जोड़ने और नागरिकों की सेवा का सशक्त केंद्र है।
उन्होंने कहा कि “मांगने से पहले ही जरूरत को पहचान कर उसे पूरा करना ही सच्ची सेवा है” और सभी कर्मचारियों को “यात्री देवो भव:” की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।उन्होंने स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और शिक्षा को संगठनात्मक जिम्मेदारी बताते हुए तकनीक के प्रभावी उपयोग, सुरक्षा मानकों के पालन और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि संरक्षा, सुरक्षा और समय पालन रेलवे का मूल मंत्र है, जिसके साथ सेवा संकल्प की भावना से राष्ट्र निर्माण में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका है।
संजय शर्मा ब्यूरो चंदौली








