बलिया । जनपद के सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में शुक्रवार सुबह ट्यूबवेल मशीन पर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना सुबह करीब छह बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। मृतक की पहचान रामव्यास वर्मा पुत्र स्वर्गीय मंगलदेव वर्मा निवासी ग्राम उदहा के रूप में हुई है।
बताया गया कि रामव्यास वर्मा अपने घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल मशीन पर सोए हुए थे। सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर सहतवार थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी बांसडीह जय शंकर मिश्र ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।






