मिर्जापुर । जनपद में दिल्ली में प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं की हाउस अरेस्टिंग गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। पुलिस कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग दोहराई।
अनुसूचित जाति कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में शिक्षा मंत्री को पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मिन्हाज अहमद ने कहा कि आंदोलन युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण विरोध की आवाज दबाने के लिए विपक्षी नेताओं को नजरबंद कर रही है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन और तेज करेगी।





