वाराणसी। 06 मार्च 2026 पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मण्डलीय अधिकारियों के साथ छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा यात्रियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे के विकास को गति देना था।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने छपरा स्टेशन के सेकेंड एंट्री पर चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुनर्विकास कार्यों के तहत स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए बनाई गई कार्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की।

निरीक्षण के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक श्री जैन ने छपरा स्टेशन के आर.आर.आई. पैनल के समीप नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन वरिष्ठ मेठ छपरा श्री मनोहर सिंह राणा से फीता कटवाकर कराया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी विश्राम गृह के निर्माण से मंडल में कार्यरत अधिकारियों तथा छपरा जंक्शन के पुनर्विकास से जुड़े रेल अधिकारियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे आधारभूत ढांचा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में सहूलियत होगी।

उन्होंने इंजीनियरिंग सहित संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण किए जाने की सराहना भी की।इस मौके पर RITES की सोनाली पॉल सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।








