गाजीपुर। जमानिया विधायक Om Prakash Singh ने सेवराई तहसील क्षेत्र के लहना ग्राम सभा के दयालपुर गांव में लाखों रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का उद्घाटन किया। उन्होंने फीता काटकर सड़क को ग्रामीणों को समर्पित किया। लगभग 300 मीटर लंबी और करीब 5 मीटर चौड़ी यह सड़क दयालपुर गांव से काली मां मंदिर तक बनाई गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तारकेश्वर सिंह यादव उर्फ गुड्डू यादव ने विधायक का साफा बांधकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान लोकगीत कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया, जिसका ग्रामीणों ने भरपूर आनंद लिया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तारकेश्वर यादव के प्रयासों से मनरेगा के तहत बनी यह सड़क ग्रामीणों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी। इससे लोगों का आवागमन आसान होगा और बाढ़ के समय पानी के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक को मांग पत्र सौंपकर काली मां मंदिर के सुंदरीकरण, ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने, रविदास मंदिर निर्माण तथा जल निकासी के लिए नाला निर्माण की मांग रखी। विधायक ने सभी मांगों को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
उमेश यादव रिपोर्टर गाजीपुर उत्तर प्रदेश








