मुरादाबाद। मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां हार्दिक नामक युवक ने अपनी जुड़वां बहन हिमशिखा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और बाद में अपनी मां पर भी कई बार चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी बहन पर करीब 40 बार चाकू से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने अपनी मां को सरप्राइज देने के बहाने घर बुलाया और उन पर भी कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मां को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि कुछ महीनों पहले हार्दिक का ब्रेकअप हो गया था। उसे शक था कि उसके रिश्ते के टूटने के पीछे उसकी मां और जुड़वां बहन का हाथ है। इसी शक के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।









