वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय रेल के वाराणसी मंडल में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर सोमवार को लहरतारा स्थित न्यू लोको कॉलोनी के इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक हाल में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने की।

समारोह में वाराणसी मंडल में कार्यरत कुल 28 महिला रेल कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय और उत्कृष्ट कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन द्वारा प्रशस्ति पत्र तथा मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वानी जैन द्वारा उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वानी जैन एवं कार्यकारिणी सदस्याओं ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) अनुभव पाठक तथा सहायक कार्मिक अधिकारी विरेन्द्र यादव सहित कई अधिकारी, कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारी और महिला रेल कर्मचारी उपस्थित रहीं।
अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन समाज, राष्ट्र और संगठन के निर्माण में महिलाओं के अद्वितीय योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल जैसे विशाल संगठन में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और वे ट्रेन संचालन, इंजीनियरिंग, सुरक्षा, चिकित्सा, सेवाओं तथा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।
इस दौरान मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वानी जैन ने कहा कि रेलवे केवल ट्रेनों और पटरियों का नेटवर्क नहीं बल्कि देश की जीवन रेखा है और इसे मजबूत बनाने में महिला रेलकर्मियों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और कार्य के बीच संतुलन बनाते हुए अपनी जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।
समारोह में महिला कर्मचारियों तथा स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्मिक विभाग की महिला रेलकर्मी महुआ बनर्जी ने गीत प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया, वहीं गाइड बच्चियों द्वारा प्रस्तुत मनोरम नृत्य नाटिका से प्रभावित होकर अध्यक्षा वानी जैन ने 10 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ममता सिंह ने एनीमिया बीमारी के लक्षण और उससे बचाव के उपायों पर पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से महिला कर्मचारियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक (कार्मिक) निरु अवस्थी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने किया।









