बिहार। किशनगंज में सऊदी अरब से लौटे एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रचकर कराई।
मृतक की पहचान एहसान रजा के रूप में हुई है, जो शादी के करीब तीन महीने बाद ही काम के सिलसिले में सऊदी अरब चला गया था। करीब डेढ़ साल बाद वह घर लौटा था, लेकिन इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई।
मृतक के पिता साबिर आलम से पूछताछ में सामने आया कि एहसान की पत्नी शमरीन और उसके चचेरे भाई सिराज अंजुम के बीच अवैध संबंध थे। पुलिस ने जब शमरीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।
जांच में पता चला कि शमरीन करीब दो महीने की गर्भवती है, जबकि उसका पति एहसान पिछले 18 महीनों से विदेश में था। इसके बाद पुलिस को हत्या के पीछे साजिश का शक हुआ।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और उसके प्रेमी सिराज अंजुम की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।









