Search
Close this search box.

नवरात्र मेला की तैयारियों की जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा

मिरजापुर। 08 मार्च 2026। विंध्याचल धाम में आगामी 18/19 मार्च की मध्यरात्रि से प्रारंभ होने वाले चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने प्रशासनिक भवन विंध्याचल में अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक में विभिन्न विभागों से मेले से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज और अन्य स्थानों पर निर्माणाधीन शौचालयों की धीमी प्रगति पर यूपीसीएल को कड़ी फटकार लगाते हुए 13 मार्च तक हर हाल में कार्य पूरा कर हैंडओवर करने का निर्देश दिया।

उन्होंने शौचालयों में सीवर कनेक्शन, प्रकाश और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। नगर पालिका परिषद को विंध्याचल क्षेत्र की सभी गलियों और नालियों की समय पर सफाई कराने तथा कूड़े और प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बिजली विभाग को अस्थायी कनेक्शन लेने वालों की वायरिंग का सत्यापन करने, टूटे पोल व ढीले तार ठीक करने तथा 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जल निगम को विंध्याचल मेला क्षेत्र के साथ गड़बड़ा धाम, शीतलाधाम अदलहाट और चुनार के दुर्गा मंदिरों में प्रत्येक वाटर प्वाइंट पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया।लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत तथा जिला पंचायत को पार्किंग व्यवस्था, रेट लिस्ट और कर्मचारियों के ड्रेस कोड व आईडी कार्ड अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया।

अखाड़ा घाट के सामने गंगा पार पार्किंग व्यवस्था तथा पीपा पुल पर केवल पैदल आवागमन की अनुमति रहेगी।बैठक के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विंध्याचल मंदिर, वीआईपी मार्गों और घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को मेले से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

और पढ़ें