जयपुर: उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 23 अक्टूबर 2024 को जयपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभा कक्ष में एक सतर्कता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर गुप्ता ने रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को सार्वजनिक जीवन में सत्य निष्ठा और ईमानदारी को अपनाने का संदेश दिया।

अनिल कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा, “व्यक्ति की आवश्यकताएं वेतन से पूरी हो सकती हैं, लेकिन लालच की कोई सीमा नहीं होती। इसलिए निर्णय लेते समय विवेक और निष्पक्षता का पालन आवश्यक है।” उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे फाइलों पर काम करते समय निष्पक्ष और निःस्वार्थ होकर फैसले लें।
संगोष्ठी में मुख्य सतर्कता अधिकारी मनोज कुमार (यांत्रिक एवं स्टोर), टी. अंसारी, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी सत्यनारायण यादव और अरविंद कुमार भी मौजूद थे। सतर्कता अधिकारियों ने पॉवर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से कर्मचारियों को टेंडर और कॉन्ट्रैक्ट से जुड़े मामलों में सतर्कता बरतने और रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया।
इस वर्ष सतर्कता सप्ताह को “सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि” थीम के तहत 16 अगस्त से 15 नवंबर तक मनाया जा रहा है। गुप्ता ने कहा, “जब भारत सतर्क रहेगा, तभी राष्ट्र समर्थ और समृद्ध बनेगा।”
मंडल रेल प्रबंधक विकास पुरवार ने इस सफल आयोजन के लिए प्रधान कार्यालय से आए सतर्कता अधिकारियों और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस संगोष्ठी से मिले मार्गदर्शन के आधार पर बेहतर कार्य करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक संजीव दीक्षित, गौरव गौड़, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कृष्ण कुमार मीना, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. हिना अरोड़ा, मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. सुनीता चौधरी, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी अनुराज गुप्ता सहित जयपुर मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस आशय की जानकारी डीसीएम श्रीं कृष्ण कुमार व जनसंपर्क अधिकारी ने मीडिया को दी।









