वाराणसी। 23 जून 2026 मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय के भारतेन्दु सभाकक्ष में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एवं हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में आशीष जैन ने कहा कि वाराणसी मंडल में पत्राचार, टिप्पणियों, निरीक्षणों और बैठकों के कार्यवृत्त में लगभग शत-प्रतिशत हिंदी का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने विभागों से वेबसाइट पर द्विभाषी सामग्री नियमित रूप से अपलोड करने और उसकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वाराणसी भारत की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में हिंदी भाषा और साहित्य की समृद्ध परंपरा का केंद्र रहा है तथा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में इस क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि वाराणसी मंडल राजभाषा की दृष्टि से “क” क्षेत्र में स्थित है, इसलिए हिंदी में कार्य करना संवैधानिक दायित्व के साथ नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कर्मचारियों से पुस्तकालय और “काशी प्रतिबिंब” पत्रिका का अधिकाधिक उपयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में पिछली तिमाही की राजभाषा प्रगति की समीक्षा, कार्यवृत्त की पुष्टि तथा आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले अधिकारियों को पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी नवनीत कुमार वर्मा ने किया।







