Search
Close this search box.

नीति तारा से विकास योजनाओं की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग

बलिया । सरकारी विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए गुरुवार को विकास भवन सभागार में नीति आयोग द्वारा विकसित ‘नीति तारा’ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

प्रशिक्षण में अधिकारियों को पोर्टल के उपयोग, योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करने तथा अन्य विभागों की रिपोर्ट देखने की प्रक्रिया समझाई गई। सीडीओ ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी। डेटा आधारित रिपोर्टिंग से योजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन कर समयबद्ध निर्णय लेने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सतत डिजिटल निगरानी से पारदर्शिता बढ़ेगी और शासन की विकास योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को गति मिलेगी। प्रशिक्षण में डीएसटीओ राजेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें