वाराणसी। कचहरी परिसर के विस्तारीकरण की मांग और उसे शिवपुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने के सरकारी प्रस्ताव के विरोध में वकीलों ने मोर्चा खोल दिया है। कैंट स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा के सामने अधिवक्ताओं ने एक विशाल धरना-प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के खिलाफ भारी हुंकार भरी।
‘दी बनारस बार एसोसिएशन’ के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ल, संरक्षक अजय पांडेय ‘बबलू’, अखिलेश कुमार मिश्रा और विनय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने इस आंदोलन में हिस्सा लिया। बार पदाधिकारियों का कहना है कि कचहरी में नए अधिवक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण उनके बैठने के लिए चैंबर की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। वकील काफी समय से मौजूदा कचहरी परिसर के विस्तार की मांग कर रहे हैं।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन कचहरी को शिवपुर सेंट्रल जेल की तरफ शिफ्ट करना चाहता है। अगर कचहरी को शहर से दूर दूसरी जगह भेजा गया, तो सभी अधिवक्ता भाइयों और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वकीलों ने मांग की है कि बनारस क्लब और कमिश्नर आवास के पास उपलब्ध करीब 20 बीघा जमीन का उपयोग करके वर्तमान कचहरी परिसर का ही विस्तार किया जाए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि वे किसी भी कीमत पर कचहरी को यहां से हटने नहीं देंगे।
(रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता)








